मुज़फ्फरनगर। मंसूरपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की छह कारें, एक टूटी हुई कार बॉडी, अवैध हथियार और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पकड़े गए आरोपी – मुसाहिद, आशिफ (दोनों निवासी सुजडू), अनस और आजम (दोनों निवासी खालापार) – पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इन्हें शाहपुर कट के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में पकड़ा था।
पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से कारें चोरी करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव जैसे शहरों से महंगी कारें चोरी कर उन्हें उत्तराखंड ले जाकर स्क्रैप डीलरों को बेचते थे, जहां गाड़ियों को काटा जाता था।
एसपी सिटी ने कहा कि गिरोह के दो सदस्य मुसाहिद और आजम पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्यवाही कर रही है। फिलहाल, इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।











Discussion about this post