मुज़फ्फरनगर। जनपद में लगातार मिल रही ओवरलोड वाहनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम खतौली मोनालिसा जौहरी ने मंगलवार को स्वयं मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर थाना क्षेत्र खतौली में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें ओवरलोडिंग के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी, एआरटीओ सतीश कुमार मिश्रा, यात्री कर अधिकारी, प्रवर्तन दल, नायब तहसीलदार अमित रस्तोगी और खतौली पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सड़कों पर उतरकर नियम तोड़ने वाले भारी वाहनों पर शिकंजा कस दिया।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 48 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 13 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया और 6,71,400 रुपये का भारी जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त जिन वाहनों में दस्तावेजों या अन्य तकनीकी कमियां पाई गईं, उन पर भी नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रकार का अभियान नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि किसी भी हालत में नियमों का उल्लंघन करने वाला वाहन सड़कों पर नजर न आए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रतिदिन प्रेषित की जाए।
अभियान के बाद एसडीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा, “आज का यह संयुक्त अभियान पूर्ण रूप से सफल रहा। हमने ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सीज किया है और जुर्माना भी वसूला है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से ट्रक मालिकों में हड़कंप मच गया है। वहीं प्रशासन की इस सक्रियता को आम जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।











Discussion about this post