मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दिल्ली-देहरादून हाईवे के टोल प्लाजा के पास हुआ, जब एक ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुग्राम के राठीवास निवासी अभिषेक (28) अपनी पत्नी पूजा (26) और चार साल के बेटे निशांत के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। उनके साथ सुमित, उनकी पत्नी कविता और तीन साल की बेटी भी कार में सवार थे। देर रात कार ओवरटेक करते हुए ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और सभी लोग उसमें फंस गए।
टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मियों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में अभिषेक, पूजा और निशांत की मृत्यु हो गई, जबकि सुमित, कविता और उनकी तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।











Discussion about this post