मेरठ। जिले में बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) मनाया गया। इस अवसर पर हॉवर्ड प्लेस्टेड गर्ल्स इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया ने बच्चों को एल्बेंडाजोल (Albendazole) की टेबलेट खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि यह दवा पेट में मौजूद हानिकारक कीड़ों को मारती है और बच्चों की संपूर्ण शारीरिक वृद्धि एवं पोषण में सहायक है। उन्होंने कहा कि जिले के 1 से 19 वर्ष तक के 17 लाख 96 हजार 159 बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली चूर कर दी जाएगी। 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली चूरा करके दी जाएगी। 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एक गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि यह दवा बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली समस्याओं जैसे एनीमिया, कुपोषण, आंतों का संक्रमण और दिमागी कमजोरी से बचाती है। यह कीड़े भोजन या गंदगी के माध्यम से शरीर में प्रवेश करते हैं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कम कर देते हैं।











Discussion about this post