मुजफ्फरनगर। किसान मजदूर एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आबिद चौधरी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। छपार थाना पुलिस ने उन्हें धोखाधड़ी और रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोप है कि आबिद चौधरी ने एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मुकदमे को खारिज करवाने के नाम पर उससे 30 हजार रुपये ठग लिए।
पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के अनुसार, आबिद चौधरी ने खुद को किसान मजदूर एकता संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए अपने प्रभाव का हवाला दिया और भरोसा दिलाया कि वह पुलिस में दर्ज मुकदमा खत्म करा देगा। इस विश्वास में पीड़ित ने 30 हजार रुपये दे दिए, लेकिन जब न तो मुकदमे में कोई राहत मिली और न ही पैसे वापस मिले, तो उसने छपार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आबिद के खिलाफ आरोप पुष्ट हुए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई। यह कोई पहला मामला नहीं है जब आबिद चौधरी पर इस तरह के गंभीर आरोप लगे हैं। वर्ष 2023 में भी वह इसी तरह की अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं।
उस समय दाहखेड़ी निवासी मोहम्मद इस्लाम ने आरोप लगाया था कि जानलेवा हमले के मुकदमे से राहत दिलाने के नाम पर आबिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर उससे दो लाख रुपये वसूल लिए थे। तब शहर कोतवाली पुलिस ने उन्हें जेल भेजा था।
छपार थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज हैं। ताजा मामले में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।










Discussion about this post