पटना: बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बयान ‘संसदीय बोर्ड तय करेगा मुख्यमंत्री का चेहरा’ पर राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
तेजस्वी ने दावा किया कि 2025 में नीतीश कुमार दोबारा बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि जदयू पर अब पूरी तरह भाजपा का कब्जा है और नीतीश कुमार इस हकीकत से अनजान हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा न सिर्फ जदयू बल्कि खुद नीतीश कुमार को भी कमजोर करने में लगी हुई है।
राजद नेता ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी का असली एजेंडा संविधान को कमजोर करना और एजेंसियों का दुरुपयोग करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता आगामी चुनाव में महागठबंधन पर भरोसा करेगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर टिप्पणी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस सरकार की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के एक साल के कार्यकाल में कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। पलायन और बेरोजगारी में बिहार अभी भी शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल वही भाषण पढ़ते हैं जो सरकार उन्हें मुहैया कराती है और बजट सत्र में सच्चाई को छिपाया जा रहा है। तेजस्वी ने बिहार विधानसभा में विधायकों के दलबदल पर कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में अब नियम-कायदों का पालन नहीं हो रहा है और कानून की खुलेआम अवहेलना हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष के विधायक सत्ता पक्ष में कैसे शामिल हो सकते हैं? सदन में लगातार व्हिप के उल्लंघन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। तेजस्वी यादव ने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें सुनील सिंह से जुड़े मामले में न्याय हुआ है।
उन्होंने कहा कि राजद दलबदल करने वाले विधायकों के खिलाफ कोर्ट नहीं जाना चाहती, बल्कि चाहती है कि यह मामला विधानसभा के अंदर ही सुलझ जाए। तेजस्वी ने चुनौती दी कि जिन सीटों पर दलबदल हुआ है, वहां दोबारा चुनाव होना चाहिए और सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।











Discussion about this post