मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के नेतृत्व में जिले के मुख्य मार्गों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तिरंगा हाथ में लेकर पूरे जोश और जुनून के साथ शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की।
यह यात्रा न केवल सुरक्षा बल के अनुशासन और देशप्रेम का प्रतीक बनी, बल्कि आमजन के साथ पुलिस की सहभागिता का भी एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई। यात्रा में एसएसपी के साथ जिले के सभी एसपी, सीओ, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उनके साथ-साथ छोटे बच्चों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी हाथ में तिरंगा लेकर देशप्रेम की भावना में डूबकर भागीदारी की।
जैसे ही तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख स्थानों से गुज़री, वहां मौजूद लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। लोगों ने तालियों से स्वागत करते हुए इस अभियान की सराहना की।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि यह यात्रा सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि पुलिस बल के भीतर छिपी उस जज़्बे की अभिव्यक्ति है जो हर चुनौती और हर राष्ट्रीय अवसर पर समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होता है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन समाज के हर वर्ग से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करना चाहता है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से पुलिस ने यह भी संदेश दिया कि वह न सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर है, बल्कि राष्ट्रीय पर्वों और समाजिक आयोजनों में भी बराबरी की भूमिका निभाती है।










Discussion about this post