लखनऊ। प्रदेश सरकार जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी सांसदों और विधायकों की तरह सीधे जनता द्वारा करवाने पर विचार कर रही है। सूत्रों की मानें तो राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज सकती है। माना जा रहा है कि अगर केंद्र सरकार राज्य सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देती है तो आगामी पंचायत चुनाव में यह नई चुनाव प्रक्रिया लागू हो जाएगी।
प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके चर्चा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव रखा कि वह अधिकारियों को निर्देशित करें कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता से कराने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करें। प्रस्ताव तैयार कर इसे जल्द से जल्द केंद्र सरकार को भेजा जाए जिससे समय रहते इसकी तैयारी की जा सके।
राजभर का कहना है कि मुख्यमंत्री ने उनके इस प्रस्ताव से सहमति जताई है और जल्द ही प्रस्ताव केंद्र को भेजने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले चुनाव में ही यह चाहते थे। अधिकारियों से इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराने के लिए कहेंगे। इस मुलाकात के दौरान ओम प्रकाश राजभर के पुत्र सुभासपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर भी साथ थे। राजभर ने बताया कि पिछले महीने उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर भी इस मुद्दे पर चर्चा किया था, तो शाह ने भी जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता से कराने पर हामी भरी थी। उन्होंने राज्य सरकार से प्रस्ताव भिजवाने को कहा था। राजभर ने कहा कि इसी कड़ी में होने मुख्यमंत्री से मिलकर अनुरोध किया है।










Discussion about this post