नई दिल्ली : मौसम की सुस्ती से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं । मौसम विभाग ने 12 जून से एक बार फिर बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बीच के 4 से 5 दिन दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में महज बादलों की लुकाछिपी के अलावा बारिश का अनुमान नहीं है। लिहाजा, प्रचंड गर्मी हालत खराब कर सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के अधिकतर भागों और मुंबई के लिए तेज बारिश का अंदेशा जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। कमोबेश यही हालत दक्षिण भारत के राज्यों में देखने को मिलेंगे। लेकिन, तेज बारिश नहीं होने का अनुमान है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश की गति कम होगी और बाढ़ से राहत मिलेगी।
केरल में समय से पहले मानसून एंट्री लेने के बाद सुस्त पड़ गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक कोई बड़ी मौसमी गतिविधि होने से इनकार किया है। लेकिन, 11 जून से एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में अगले 5 दिन मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान आंधी और बारिश नहीं होने का अनुमान जताया गया है, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी के साथ बढ़ोतरी होगी।
हालांकि, 12 जून से मानसून की आहट के बीच फिर से बादलों की आवाजाही शुरू होगी और तेज बारिश दर्ज की जाएगी। स्काईमेट ने बताया कि 11 और 12 जून से दक्षिण भारत के राज्यों तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल में भारी से भारी बारिश होगी, जो कई दिनों तक अनवरत जारी रहेगी। कमोबेश यही हालात पूर्वोत्तर के राज्यों में भी देखने को मिलेंगे। इस दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में मौसमी गतिविधियां तेज होंगी और भारी बारिश का दौर शुरू होगा। ऐसे में नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तरांखड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम की चाल बढ़ेगी और तेज बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
नए सर्कुलेशन बनने और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर आएंगी, जिससे कई इलाकों में छिटपुट बारिश शुरू होगी। लेकिन, अगले 5 दिन तक गर्मी का प्रकोप झेलने के लिए तैयार रहना होगा। आने वाले दिनों में लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, आगरा, रायबरेली, अलीगढ़, हाथरस, झांसी, बांदा, ललितपुर, चित्रकूट, गाजीपुर, जौनपुर, महोबा औप प्रतापगढ़ समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। हालांकि, लू चलने का अलर्ट नहीं है।











Discussion about this post