गाजीपुर। जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब जयमाल के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में दूल्हे की पिटाई से मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब शादी में शामिल घरातियों ने दूल्हे और उसके पिता को बेरहमी से पीट दिया। दोनों को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को दूल्हे ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि जयमाल की रस्म के दौरान दूल्हा जैसे ही स्टेज पर पहुंचा, डीजे पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि घरातियों ने दूल्हे और उसके पिता को लात-घूंसों और डंडों से पीट दिया। बारात में खुशी का माहौल एकाएक मातम में तब्दील हो गया।
गंभीर रूप से घायल दूल्हा और उसके पिता को पहले गाजीपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दोनों को वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शनिवार को दूल्हे की मौत हो गई। इस खबर के बाद गांव में कोहराम मच गया।
दूल्हे का शव जैसे ही शनिवार शाम गांव पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रो कर बुरा हाल था, जिन्हें संभालने के लिए गांव की महिलाएं लगातार प्रयास करती रहीं। मातम में बदली शादी के बाद दुल्हन ने भी भावुक होकर कहा कि, “जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। मेरा सुहाग उजड़ गया।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एसएचओ दिलदारनगर का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है, और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक ओर जहां शादी के मौके को मातम में बदल दिया, वहीं समाज में बढ़ते असहिष्णुता और गुस्से के खतरनाक रूप को भी उजागर कर दिया है।











Discussion about this post