नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली अब कानूनी और राजनीतिक विवादों के केंद्र में आ गई है। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक नारेबाजी और अमर्यादित भाषा पर केंद्र सरकार ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लिया।
संसद और देश से माफी मांगें राहुल-खरगे: रिजिजू-
किरेन रिजिजू ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी दोनों ही सदनों (राज्यसभा और लोकसभा) में नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे हैं। ऐसे में रैली में प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘कब्र खोदने’ और ‘जान से मारने’ जैसी नारेबाजी के लिए वे सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। रिजिजू ने मांग की कि संसद का सत्र चल रहा है, इसलिए दोनों नेताओं को सदन के भीतर आकर देश और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
“प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, दुश्मन नहीं”-
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रिजिजू ने कहा, “राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है। राहुल गांधी किसी भी विचारधारा को अपना सकते हैं, लेकिन जिस तरह की भाषा का प्रयोग इस रैली में हुआ, वह भारतीय राजनीति के इतिहास में एक काला अध्याय है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक दल एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, लेकिन दुश्मन नहीं। सभी का अंतिम लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाना होना चाहिए।
लोकतंत्र के लिए घातक है ऐसी भाषा-
रिजिजू ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा विपक्ष को सम्मान देने और उन्हें शत्रु न समझने की सीख देते हैं। लेकिन कांग्रेस की रैलियों में प्रधानमंत्री की ‘कब्र खोदने’ जैसे हिंसक नारे लोकतंत्र के लिए बेहद घातक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए ने कभी भी किसी नेता या उनके परिवार के खिलाफ ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया है।
संसद सत्र में हंगामे के आसार-
इस मुद्दे के बाद अब संसद के वर्तमान सत्र में भारी हंगामे के आसार बन गए हैं। भाजपा इस मुद्दे को सदन में उठाने की तैयारी में है, जबकि कांग्रेस इसे कार्यकर्ताओं का व्यक्तिगत आक्रोश बताकर अपना बचाव कर सकती है। हालांकि, रिजिजू के इस कड़े रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि सत्ता पक्ष इस बार ‘मर्यादा’ के मुद्दे पर झुकने वाला नहीं है।











Discussion about this post