शाहपुर। मुजफ्फरनगर जिले के दुल्हेड़ा गांव की बेटी सविता शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में 12 से 15 जून तक आयोजित ग्रेपलिंग कुश्ती वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में सविता ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में दो पदक अपने नाम किए। उन्होंने ग्रेपलिंग गी श्रेणी में रजत पदक और नो-गी श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए गर्व का क्षण रचा।
फाइनल मुकाबले में सविता का सामना रूस की खिलाड़ी से हुआ, जहां कड़े संघर्ष के बावजूद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कोच राज चौधरी ने सविता के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में कई देशों की दिग्गज महिला खिलाड़ी मौजूद थीं, लेकिन सविता ने अपने दमदार खेल और आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया।
सोमवार देर शाम जब सविता अपने कस्बे लौटीं, तो लोगों ने फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में इस जीत से हर्ष की लहर दौड़ गई। सविता ने नगर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर खिलाड़ी के पिता राजपाल शर्मा, भाई योगेश शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष जय सिंह भाटी, समाजसेवी अरविंद पाल, ग्राम प्रधान अरविंद चौधरी, पूर्व प्रधान संजीव चौधरी, प्रवीण बालियान, संगम बालियान, हरेंद्र शर्मा, नितिन बालियान, कपिल सैनी आदि ने सविता का स्वागत करते हुए मिठाइयां बांटी और हर्ष व्यक्त किया।










Discussion about this post