मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी में नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रदीप पुत्र नैन सिंह गड़रिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पिता शराब के नशे में घर में झगड़ा करता था और पूरे परिवार को प्रताड़ित करता था। इसी से तंग आकर बेटे ने उसकी हत्या करने का फैसला किया।
घटना 15 जून को उस समय हुई जब प्रदीप शराब के नशे में बेसुध होकर सुभाष की ट्यूबवेल पर सो रहा था। बेटा पहले तो उसे घर लाने से मना कर गया, लेकिन कुछ देर बाद पास के एक ट्यूबवेल से फावड़ा लेकर वापस आया और सोते हुए पिता पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
पुलिस को सूचना मिलने पर जांच शुरू हुई और मात्र 24 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई। आरोपी किशोर को पुलिस ने बाल कल्याण अधिकारी की निगरानी में हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है और कहा कि यह घरेलू हिंसा के कारण पनप रहे मानसिक तनाव का नतीजा है।










Discussion about this post