मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर प्रशासन ने काली उर्फ नागिन नदी को पुनर्जीवित करने के लिए कमर कस ली है। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर खतौली एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने गांव अंतवाड़ा में नदी की जमीन पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
गुरुवार को जनसुनवाई के बाद दोपहर के वक्त एसडीएम अपनी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जेसीबी के जरिए नदी के रकबे पर बोई गई फसलों और अन्य अतिक्रमण को हटवा दिया।
एसडीएम ने नदी की जमीन की पैमाइश और चिन्हांकन करवाकर अवैध कब्जेदारों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नदी या किसी भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ एन्टी-भूमाफिया कानून के तहत मुकदमा दर्ज होगा।“ उनका रौद्र रूप देख कब्जेदार मौके से भाग खड़े हुए। कुछ रकबे पर बोई गई गेहूं की फसल को भी तत्काल कटवाया गया।
डीएम उमेश मिश्रा ने नदी पुनर्जनन की मुहिम शुरू की है, जिसके तहत ये कार्रवाई पहला कदम है। मिश्रा इससे पहले अन्य जनपदों में भी नदियों को पुनर्जनन करा चुके हैं। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने बताया कि आज नदी की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। आगे साफ-सफाई के लिए श्रमदान और युद्ध स्तर पर काम होगा।“
स्थानीय लोगों में नदी के फिर से जीवंत होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की इस पहल से नदी की तस्वीर बदल सकती है। मौके पर नायब तहसीलदार अमित रस्तोगी, राजस्व निरीक्षक राकेश वर्मा, लेखपाल विजय सहित राजस्व टीम मौजूद रही।










Discussion about this post