शामली : जलालाबाद कस्बे में एक पांच साल की मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का प्रयास करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना जलालाबाद के एक मोहल्ले की है, जहां पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में छुट्टियां बिताने आई थी। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक बच्ची को एकांत में ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गया। बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को घटना बताई।
मां ने थाना थानाभवन में तहरीर दी और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष बिजेंद्र रावत ने बच्ची और उसकी मां से बातचीत के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2), 76, और 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 की धारा 9(एम) और 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सहारनपुर अस्पताल रेफर किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पर अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।











Discussion about this post