शामली। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद शामली के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह विकास भवन सभागार शामली में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे सभागार में मौजूद विधायक प्रसन्न चौधरी, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेन्द्र निर्वाल, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने देखा और सुना।
एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे महत्वपूर्ण साधन है और छात्र-छात्राएं मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन से सीख लेकर आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर जैसे क्षेत्रों में जाकर देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने स्कूलों के प्रधानाचार्यों और अभिभावकों को भी बच्चों की सफलता के लिए बधाई दी।
विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मेधावी छात्रों को सम्मानित करना सरकार की शिक्षा नीति की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश को प्रतिभाओं की भूमि बताते हुए छात्रों को देश का भविष्य कहा।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने मेधावी छात्रों को बधाई दी और कहा कि माता-पिता, शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका बच्चों की सफलता में अहम होती है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे दिन-रात मेहनत कर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
जनपद शामली ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में हाईस्कूल में 92.21% परिणाम के साथ प्रदेश में 22वां स्थान और इंटरमीडिएट में 87.41% परिणाम के साथ 10वां स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर हाईस्कूल के 10 और इंटर के 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹21,000 के चेक, एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2024 की हाईस्कूल व इंटर की दो छात्राओं को भी टैबलेट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमित मलिक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।











Discussion about this post