मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल की चिट्ठी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। पूजा पाल ने अपने पत्र में कहा था कि अगर उनकी मृत्यु होती है, तो इसके लिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ज़िम्मेदार होंगे। इस बयान के बाद आज मुज़फ़्फ़रनगर पहुँचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने बड़ा बयान दिया।
शिवपाल यादव ने कहा कि “हम हत्या की राजनीति नहीं करते। पूजा पाल लंबे समय तक चुपचाप घर बैठी थीं, अब उन्हें हत्या का डर है। हत्या की राजनीति कुछ लोग करते हैं, लेकिन हम नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि पूजा पाल अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी।
बीजेपी नेता संगीत सोम द्वारा पश्चिमी यूपी को पाकिस्तान वाले बयान पर शिवपाल यादव ने कहा, “उनका स्वार्थ तो आप जानते ही हैं, उनका कोई ठिकाना नहीं है। वे कभी भी कहीं भी चले जाते हैं। हमारे साथ भी वे लंबे समय तक रहे हैं। वे अपने स्वार्थ में कुछ भी कर सकते हैं और उनका चरित्र सब जानते हैं।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर शिवपाल यादव ने कहा, “हमें इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ना है। विधायक चुनकर ही अपने नेता चुनते हैं। हम चाहते हैं कि जब बीजेपी हटे तो समाजवादी पार्टी की सरकार बने और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही हों।
शिवपाल यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि “बीजेपी ने देश और यूपी के लिए कोई काम नहीं किया है। जितने वादे किए, कोई पूरा नहीं किया। वे केवल जनता के साथ छलावा करते हैं। बीजेपी वाले नाम बदलते रहते हैं, ये अपने स्वार्थ में सब कुछ कर सकते हैं। वे समाज में अमन-चैन नहीं चाहते और लड़ाई-झगड़ा फैलाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि “समाजवादी पार्टी सभी वर्गों के लिए है, चाहे वह पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक या महिलाएं हों। नेताजी ने समाज के हर वर्ग के लिए संघर्ष किया। अब समय आ गया है कि जनता सही फैसला ले।
शिवपाल ने चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि “हर स्तर पर बेईमानी हो रही है – वोट कटवाने, जोड़ने और गिनती तक। जनता 2027 और बिहार चुनावों में इसका जवाब देगी।
उन्होंने पूजा पाल पर भी तंज कसा कि “पूजा पाल को जब पार्टी छोड़ी थी तो उन्हें नैतिकता के तहत इस्तीफा दे देना चाहिए था। वे पहले चुनावों में हार चुकी हैं और अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी।










Discussion about this post