बागपत। शुगर मिल के पीछे बाघू मार्ग पर सोमवार रात डेयरी संचालक संतोषपुर निवासी पूर्व बीडीसी इंद्राज के बेटे विपिन उर्फ गोधू (30) की पिटाई के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को राष्ट्र वंदना चौक पर रखकर दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा 24 घंटे में मामले का खुलासा करने के आश्वासन पर जाम खोला गया।
संतोषपुर गांव निवासी विपिन उर्फ गोधू गांव में डेयरी चलाता था। वह बागपत में मावा भट्ठियों पर दूध सप्लाई करता था। उसके पिता पूर्व बीडीसी इंद्राज ने बताया कि सोमवार शाम विपिन बागपत के सतीश की मावा भट्ठी पर दूध देने गया था। इसके बाद से वह लापता था। उसका शव मंगलवार सुबह शुगर मिल के पीछे बाघू मार्ग पर ईख के खेत में पड़ा मिला।
इंद्राज के अनुसार जानकारी करने पर पता चला है कि मावा भट्ठी पर ही विपिन को फोन कर किसी ने गांव में आने के लिए कहा। विपिन बाइक लेकर गांव जाने लगा। जहां शव पड़ा मिला, वहां की स्थिति को देखकर पता चलता है कि हमीदाबाद गांव निवासी राजेंद्र के नलकूप के पास बदमाशों ने उसकी पिटाई करने के बाद गोली मारी। हमलावरों से बचकर उसका बेटा खेत की तरफ भाग गया। इसके बाद विपिन को पीछे से दो गोली मारी गईं, इनमें एक गर्दन पर लगी है।
मंगलवार की सुबह खेत में काम करने पहुंचे राजेंद्र के भाई देवेंद्र को शव पड़ा हुआ मिला तो आसपास के खेत मालिकों को इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जांच की तो एक गोली सड़क पर पड़ी मिली। शव के पास से दो खोखे बरामद किए। मृतक की बाइक सड़क किनारे खेत में मिली और उसके अलावा दो अन्य लोगों की चप्पल भी घटनास्थल से बरामद की गईं। वहां से परिवार वाले राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचे और शव रखकर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। उधर, मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है।
इंद्रराज ने यह भी आशंका जताई कि उसके बेटे की हत्या करने वाले बदमाश पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। विपिन पर बाइक रोकते ही गोली चला दी गई। सड़क से 50 मीटर खेत में अंदर विपिन का शव पड़ा मिला, उस खेत में ईख की काफी पौध भी टूटी हुई मिली।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक पर जाम लगाने के बाद सीओ श्रेष्ठा ठाकुर समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। एक युवक चाकू निकालकर ले आया और सीओ से कहने लगा कि अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं किए तो चाकू से गर्दन काटकर यहीं पर आत्महत्या कर लूंगा। पुलिस कर्मियों ने युवक से चाकू छीनने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने खुद ही उससे चाकू ले लिया।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर बैठे मृतक के भाई आनन्द ने पुलिस अफसरों के सामने हाथ जोड़कर कहा कि हमारी किसी से रंजिश नहीं थी। भाई की हत्या से सबकुछ चला गया, अब उन्हें इंसाफ चाहिए। उन्होंने 24 घंटे के अंदर हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मृतक विपिन अपने परिवार में छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटी हैं।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर डेढ़ घंटे लगे जाम में एंबुलेंस, बसों के साथ सैकड़ों वाहन फंस गए। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई तो मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर भी जाम लग गया। भीषण गर्मी होने के कारण बसों, एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों में सवार लोग बिलबिला गए। जाम नहीं खुलता देखकर पुलिस कर्मियों ने वाहनों को दूसरे मार्गों से निकलवाया लेकिन अधिकांश वाहन जाम की लाइन में ही फंसे रहे। उधर, जाम लगा रहे ग्रामीणों के साथ वाहन चालकों की नोकझोंक भी हुई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में गांव के लोगों के साथ हुए विवाद में मृतक विपिन उर्फ गोधू पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एक माह जेल में बंद रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गया और अपना दूध का काम करने लगा।
संतोषपुर गांव के युवक की हत्या में पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या के खुलासा के लिए स्वाट, सर्विलांस समेत अन्य टीमों को लगाया गया है।- एनपी सिंह, एएसपी











Discussion about this post