मुजफ्फरनगर। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद मुजफ्फरनगर में जश्न मनाया गया। इसी सिलसिले में शिवसेना की महिला इकाई (एकनाथ शिंदे गुट) ने शहर में जश्न मनाया और सेना के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
शिवसेना महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराते हुए “भारतीय सेना ज़िंदाबाद” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे लगाए। इस दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल देखते ही बनता था।
पूनम चौधरी ने कहा कि “भारतीय सेना ने जिस प्रकार ईंट का जवाब पत्थर से दिया है, वह न केवल काबिल-ए-तारीफ है बल्कि पूरे देश के आत्मसम्मान की रक्षा भी है। यह दिखाता है कि भारत अब आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस कार्रवाई को “ऑपरेशन सिंदूर” नाम दिए जाने को महिलाओं के सम्मान से जोड़ा। पूनम चौधरी ने कहा कि “यह नाम उन बहनों और पत्नियों की पीड़ा को आवाज देता है जिनके पतियों को पहलगाम में आतंकवादियों ने निशाना बनाया। यह सिंदूर सिर्फ एक प्रतीक नहीं, भारत की अस्मिता और शक्ति का संदेश है।”
कार्यक्रम के अंत में महिला कार्यकर्ताओं ने देश की सुरक्षा में लगे जवानों के साहस को सलाम करते हुए मोमबत्तियाँ जलाईं और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।










Discussion about this post