नई दिल्ली : इंदौर के नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की मेघालय हनीमून यात्रा एक ऐसी खौफनाक साजिश में बदल गई, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. 11 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों से हुई शादी के महज नौ दिन बाद, 20 मई को यह जोड़ा हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग रवाना हुआ. लेकिन 23 मई को दोनों के फोन बंद होने के बाद कहानी ने रहस्यमय मोड़ ले लिया. 2 जून को राजा का शव चेरापूंजी के पास वेईसावडॉन्ग झरने की गहरी खाई में मिला, जबकि सोनम लापता थी. शुरुआत में इसे लूटपाट और हत्या का मामला माना गया, लेकिन 9 जून को सोनम की गिरफ्तारी ने इस केस को एक नया मोड़ दे दिया. कहा जा रहा है कि सोनम राज कुशवाहा नाम के एक शख्स से प्यार करती थी, इसी वजह से उसने हत्या कराई. लेकिन क्या राजा को इस रिश्ते की भनक थी? परिवार को आखिर तक क्यों नहीं हो रहा था भरोसा?
मेघालय पुलिस के डीजीपी इदाशिशा नोंगरांग के अनुसार, सोनम ने अपने पति राजा की हत्या के लिए सुपारी दी थी. इस साजिश में उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा और तीन अन्य लोग शामिल थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनम का राज कुशवाहा के साथ शादी से पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था. राज, सोनम के पिता की माइका कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करता था, जहां सोनम एचआर थी. दोनों के बीच करीबी रिश्ते थे. माना जा रहा है कि इस प्रेम प्रसंग को बचाने के लिए सोनम ने राजा की हत्या की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में पता चला है कि राजा को सोनम के प्रेम प्रसंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. बीच में उसे कुछ शक जरूर हुआ था, लेकिन उसने परिवार को इसके बारे में कुछ नहीं बताया. मोबाइल स्क्रीनिंग से कुछ कहानी जरूर सामने आई है, लेकिन इससे पता नहीं चल रहा कि राजा को सोनम के प्रेमी के बारे में कुछ पता था. राजा और सोनम की शादी अरेंज मैरिज थी, जिसे समाज और परिवार की सहमति से तय किया गया था. राजा ने शादी से पहले सोनम को देखा था और दोनों के बीच रिश्ता धीरे-धीरे पनप रहा था. परिवार के अनुसार, राजा सोनम को मेघालय ले जाकर एक परफेक्ट हनीमून का अनुभव देना चाहता था. 22 मई को शिलांग के एक होटल के सीसीटीवी फुटेज में दोनों को स्कूटी पर घूमते हुए मुस्कुराते देखा गया, जिससे ऐसा नहीं लगता कि राजा को किसी खतरे का आभास था.
राजा का परिवार शुरू से आखिर तक सोनम को निर्दोष मानता रहा. यहां तक कि राजा के भाई भी बार-बार ये कहते रहे कि मेरा भाई तो मारा गया, लेकिन बहू के साथ कुछ बुरा न हो जाए, उसे तो ढूंढकर लाओ. राजा की मां कहती रहीं कि ‘मुझे लगता है कि सोनम जिंदा है और हमारे बेटे की कोई परछाई उसमें बाकी है.’ सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने भी मेघालय में सर्च ऑपरेशन के दौरान कहा, मुझे यकीन है कि मेरी बहन जिंदा है. सोनम के पिता देवी सिंह ने भी बेटी के प्रेम प्रसंग की बात को सिरे से खारिज किया, लेकिन सोनम की गिरफ्तारी के बाद परिवार का रुख बदल गया. सोनम की मां संगीता ने कहा, धन्यवाद जो मिल गई, लेकिन सच क्या है, यह जांच में ही पता चलेगा. अब वह सजा की मांग कर रही हैं.
11 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करने वाले इस जोड़े ने 20 मई को मेघालय के शिलॉन्ग के लिए हनीमून की उड़ान भरी. तीन दिन बाद, 23 मई को दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए और संपर्क टूट गया. इसके बाद राजा की लाश 2 जून को चेरापूंजी के वेईसावडॉन्ग झरने के नीचे एक गहरी खाई में मिली, और सोनम लापता थी. शुरुआत में पुलिस ने इसे ‘लूट के इरादे से हत्या’ माना लेकिन 9 जून को सोनम की गिरफ्तारी ने पूरे केस को उलट कर रख दिया.











Discussion about this post