श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उस वक्त बड़ी हलचल मच गई जब पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला एक कथित हिजाब विवाद से जुड़ा है, जिसे पीडीपी ने महिलाओं की गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला करार दिया है।
नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप-
पीडीपी का आरोप है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से एक महिला का हिजाब खींचा। पार्टी ने इस कृत्य को न केवल अपमानजनक बताया बल्कि इसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य भी कहा है।
पुलिस स्टेशन पहुंचीं इल्तिजा मुफ्ती-
इस मामले को लेकर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी और पार्टी नेता इल्तिजा मुफ्ती शुक्रवार को भारी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के साथ श्रीनगर के कोठीबाग पुलिस स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने नीतीश कुमार के खिलाफ औपचारिक रूप से FIR दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की।
बीजेपी नेताओं पर भी साधा निशाना-
मीडिया से बात करते हुए इल्तिजा मुफ्ती ने कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री ने जो किया वह शर्मनाक है, लेकिन उससे भी दुखद यह है कि माफी मांगने के बजाय बीजेपी के मंत्री इसे जायज ठहरा रहे हैं।” उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के विवादित बयानों का जिक्र करते हुए तीखा सवाल पूछा, “गिरिराज सिंह हमें नरक जाने की बात कह रहे हैं, हम क्यों नरक जाएं?”
राजनीतिक और कानूनी पेच-
पीडीपी ने इस विवाद को महिलाओं के अधिकार और धार्मिक आजादी का मुद्दा बना दिया है। हालांकि, पुलिस द्वारा FIR दर्ज करना साक्ष्यों और कानूनी पहलुओं पर निर्भर करेगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और चश्मदीदों के बयान इस जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।











Discussion about this post