शेयर बाजार। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष से शेयर बाजार सहमा हुआ है। गिफ्ट निफ्टी 218 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। ऐसे में आज भारतीय शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हो सकती है। दरअसल, कल दोपहर 2 बजे से खबर आने लगी कि पाकिस्तान के कराची स्टॉक एक्सचेंज में भारी गिरावट है और कारोबार रोक दिया गया। इस घटना के तुरंत बाद निफ्टी और सेंसेक्स में भी गिरावट गहरा गई और दोनों इंडेक्स गहरे लाल निशान के साथ बंद हुए।
भारतीय बाजार, अब तक भारत-पाकिस्तान के बीच पूर्ण युद्ध को नज़रअंदाज़ कर रहे थे, लेकिन कल रात पाकिस्तान की ओर से हुए हमले और इसके बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से, निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। सुबह 8 बजे, GIFT निफ्टी 0.90 फीसदी (218 अंक) की गिरावट के साथ 23,971 पर कारोबार कर रहा था, जो दलाल स्ट्रीट के लिए कमज़ोर शुरुआत का संकेत है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के चलते आज निफ्टी और सेंसेक्स 1 से 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुल सकते हैं। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “ऐसे हालात में निफ्टी और सेंसेक्स में 2 प्रतिशत की गिरावट सामान्य है। हालांकि, निवेशकों को घबराहट में शेयर खरीदने या बेचने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे समय में फैसले लेने से आमतौर पर गलतियाँ होती हैं।”
उन्होंने कहा, “इंडिया VIX 10 प्रतिशत से अधिक उछलकर 21 के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है। यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि बाजार में घबराहट बढ़ रही, और इससे तेज उतार-चढ़ाव व आज के कारोबारी सत्र में अस्थिरता देखने को मिल सकती है। जब तक निफ्टी 24,500 से ऊपर नहीं जाता, तब तक अलर्ट रुख बरकरार रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 24,200, 24,000 और 23,800 निफ्टी के लिए प्रमुख सपोर्ट लेवल हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव के कारण पैदा हुई यह घबराहट भारतीय एडीआर (अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट्स) में में भी देखी गई। इस दौरान इंफोसिस, विप्रो और एचडीएफसी बैंक जैसे शेयरों के एडीआर में 1.5 फीसदी से लेकर 5 फीसदी तक की गिरावट आई।











Discussion about this post