नई दिल्ली: आज रात आईपीएल 2025 की दूसरी फाइनलिस्ट तय हो जाएगी. पता चल जाएगा कि 3 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खिताबी मुकाबले में कौन टकराएगा. एक तरफ मुंबई इंडियंस है जो गुजरात टाइटंस के खिलाफ एलिमिनेटर मैच जीतकर क्वालीफायर-2 में आई है. दूसरी ओर पंजाब किंग्स को क्वालीफायर-1 में आरसीबी से हारकर फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका मिला है.
इस बीच पंजाब किंग्स के लिए एक राहत भरी खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो करो या मरो के मुकाबले में पंजाब किंग्स के लिए युजवेंद्र चहल की वापसी हो सकती है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले मैदान पर पंजाब के प्रैक्टिस सेशन में लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अभ्यास करते दिखे.
युजवेंद्र चहल ने आखिरी बार 18 मई को खेला था, उसके बाद से दाईं कलाई में चोट लगने के चलते वह मैदान से बाहर हैं. चहल ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान कलाई पर प्रोटेक्शन पहना हुआ था. उन्होंने फुटबॉल खेला, कैच लिए, गेंदें फेंकी और फिर खाली नेट में कुछ ओवर फेंके.
पंजाब किंग्स के अधिकतर गेंदबाजों ने खाली नेट में अभ्यास किया और क्रीज के दोनों ओर यॉर्कर फेंकने की कोशिश की. हल्की बूंदाबांदी के तीन दौर PBKS के प्रशिक्षण सत्र को रोकने में असमर्थ रहे, लेकिन मुंबई इंडियंस की टीम जब ट्रेनिंग करने आई तो मैदान को पूराव कवर किया जा चुका था.
महेला जयवर्धने और कीरोन पोलार्ड पिच को देखना चाहते थे, लेकिन उनके पहुंचने तक पूरा मैदान कवर हो चुका था. MI के लिए असली चुनौती दीपक चाहर की फिटनेस है. उनके बाएं घुटने के नीचे और ऊपर दोनों तरफ पैडिंग थी. बीच-बीच में ब्रेक के साथ हल्की जॉगिंग की. फिर छोटी तेज दौड़ लगाई.
मुंबई इंडियंस का स्क्वॉड: हार्दिक पंड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, बेवोन जैकब्स, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), कृष्णन श्रीजीत (विकेटकीपर), नमन धीर, राज बावा, मिशेल सेंटनर, जसप्रीत बुमराह, अर्जुन तेंदुलकर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, कर्ण शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, सत्यनारायण राजू, मुजीब उर रहमान, रघु शर्मा, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), रिचर्ड ग्लीसन, चैरिथ असलंका.
पंजाब किंग्स का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), हरनूर पन्नू, पाइला अविनाश, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बराड़, अजमतुल्लाह उमरजई, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विशाल विजयकुमार, यश ठाकुर, कुलदीप सेन, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, काइल जैमीसन.











Discussion about this post