मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मोनू ठाकुर के चचेरे भाई को गोली लगने के बाद मामला गरमाता जा रहा है। पुलिस का दावा है कि कुरथल रोड पर लूट की घटना के बाद परासौली नहर पर चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से रोबिन पुत्र उदय पाल निवासी कुरथल घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया है कि उसके पास से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं, उसके दो साथी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
लेकिन, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोनू ठाकुर का आरोप है कि पुलिस रॉबिन को गांव के तालाब के पास से उठाकर ले गई और फर्जी मुठभेड़ का नाटक रचा। उनका कहना है कि रॉबिन का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और पुलिस ने निर्दोष युवक को फंसाया है।
इस मुद्दे को लेकर मंगलवार रात से ही बवाल शुरू हो गया। बुधवार को बुढ़ाना डाक बंगले पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की पंचायत बुलाई गई, जिसमें जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ठाकुर रामनाथ सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजू अहलावत, बुढ़ाना के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद है ।सभी ने बुढ़ाना कोतवाल आनंद देव मिश्रा और मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि जो हुआ वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इस मामले में अगर सख्त कार्यवाही नहीं हुई तो चाहे आमरण अनशन करना पड़े या पार्टी भी छोड़नी पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे ।
बताया जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी भी मामले को लेकर सक्रिय हो गए हैं। दोनों नेताओं ने जिले के आला अफसरों से बातचीत कर पुलिस पर कार्रवाई की मांग उठाई है।











Discussion about this post