मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर में तीन वर्षीय मासूम अवि की तलाश तीसरे दिन भी जारी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। भारी बारिश के चलते शनिवार सुबह तेज बहाव में बहा यह बच्चा अब तक नहीं मिल सका है। प्रशासन ने मंगलवार को तालाब में दो पंपिंग सैट लगवाकर पानी निकालने का कार्य तेज कर दिया है। वहीं, 25 मजदूरों को तलाब की सफाई का ठेका दिया गया है। तीन दिन बीतने के बाद भी अवि की कोई खबर नहीं है, जिससे परिजनों की स्थिति बद से बदतर हो गई है।
शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे राहुल प्रजापति का बेटा अवि गांव के पास बारिश में खेलते हुए नाले में बह गया था। यह नाला गांव से मात्र 100 मीटर दूर गंदगी से भरे एक बड़े तालाब में जाकर खुलता है। उसी तालाब में बच्चे की तलाश की जा रही है। तलाब की गहराई और दलदल के कारण रेस्क्यू टीम को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर नगर पालिका द्वारा भेजे गए पंपों से तालाब का पानी निकाला जा रहा है और सफाई के लिए 25 मजदूर लगातार काम कर रहे हैं।
हापुड़ से बुलाई गई फ्लड टीम और मेरठ से आई पीएसी की टीम तालाब की तलहटी खंगालने में जुटी है। पोखलैन मशीन और गोताखोर भी लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। रेस्क्यू ऑपरेशन हर दिन सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक चलाया जा रहा है।
इस हादसे से पूरा गांव स्तब्ध है। तीन दिन से अवि के घर में चूल्हा नहीं जला। मां ज्योति और पिता राहुल की आंखें रोते-रोते सूज गई हैं। ग्रामीणों की भीड़ लगातार घटनास्थल पर बनी हुई है। गांव में हिन्दू-मुस्लिम समाज के लोग परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और प्रशासन से राहत की मांग कर रहे हैं।
घटनास्थल पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और सपा सांसद हरेन्द्र मलिक ने पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। लोगों को अब भी उम्मीद है कि मासूम अवि का कोई सुराग जल्द मिल सकेगा।










Discussion about this post