नई दिल्ली : दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये मिलने की घड़ी नजदीक आ गई है. सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता की कैबिनेट मीटिंग में इस योजना पर मुहर लगेगी. इसके बाद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी.
2500 रुपये महीने का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए खुशखबरी. महिला दिवस यानी शनिवार को उनका इंतजार खत्म होने वाला है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है. सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को महिला सम्मान निधि देने से पहले दिल्ली कैबिनेट की बैठ होगी, जिसमें महिलाओं को दिए जानी वाली महिला सम्मान राशि को पास किया जाएगा. उसके बाद जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इसकी घोषणा की जाएगी.
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी बार-बार सरकार से पूछ रही हैं कि महिलाओं को उनका पैसा कब मिलेगा. उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता को भी इस बारे में खत लिखा है. आतिशी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दिल्ली की महिलाओं को वादा किया था कि 8 मार्च को 2500 रुपये उनके खाते में पहुंच जाएंगे. बस एक दिन बाक़ी है. मैंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिख कर उम्मीद जताई है कि कल दिल्ली की सब महिलाओं के खाते में ₹2500 ज़रूर आएंगे.
उधर, सीएम रेखा गुप्ता बार-बार कह चुकी हैं कि आतिशी को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है. हमने वादा किया है और हमें अपना वादा याद है. सारे वादे पूरे किए जाएंगे. महिलाओं को 2500 रुपये देने का संकल्प हमारी वचनपत्र में है और हम उसे पूरा करके रहेंगे. उन्होंने ये भी दोहराया कि किसी भी तरह की दिक्कत दिल्लीवालों को नहीं आने देंगे. वादा करके भूल जाने वाली सरकार चली गई है. अब हमारी सरकार है जो वादे पूरे करना जानती है.
इससे पहले आज सुबह दिल्ली के मंत्रियों की एक बैठक हुई. इसमें कई मसलों पर चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक- 8 मार्च यानी कल से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान इसका ऐलान किया जाएगा. इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली कैबिनेट के सारे मंत्री मौजूद रहेंगे.











Discussion about this post