शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गए दो भाइयों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिवार के लोग गमगीन हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लीलोन की है। मृतक भाइयों की पहचान अनुज और विशाल के रूप में हुई है, जो दोनों दसवीं कक्षा के छात्र थे। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी से बचने के लिए दोनों भाई पूर्वी यमुना नहर में नहाने के लिए गए थे, जहां नहाते समय वे गहराई में चले गए और डूब गए।
जैसे ही दोनों भाई डूबे, आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें नहर से बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला चिकित्सालय शामली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जब इस घटना की जानकारी परिजनों को दी गई तो वे अस्पताल पहुंचे और अपने बच्चों की लाश देखकर फूट-फूट कर रोने लगे। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया है। फिलहाल, पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर डेरा जमाया हुआ है।











Discussion about this post