मजफ्फरनगर। बुढ़ाना डीएवी कॉलेज के छात्र उज्जवल राणा आत्मदाह प्रकरण में 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) और छात्रों ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बुढ़ाना में हुई पंचायत के दौरान प्रशासन ने 10 बिंदुओं पर 48 घंटे में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक केवल कॉलेज के पीटीआई संजीव को ही गिरफ्तार किया गया है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज के अन्य जिम्मेदार लोगों पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
भाकियू प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि इतने गंभीर प्रकरण के बाद भी कार्रवाई की गति बहुत धीमी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप हैं, उनकी जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मलिक ने चेतावनी दी कि यदि 16 नवंबर तक कार्रवाई नहीं हुई, तो तेहरवीं रस्म वाले दिन आंदोलन को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
छात्र नेता विश्व मलिक ने कॉलेज प्रिंसिपल पर छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए और कहा कि प्रशासन से अभी तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। छात्रों का कहना है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
मेरठ यूनिवर्सिटी में भी छात्रों की बैठक चल रही है, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति तय की जा रही है। छात्रों और किसान यूनियन ने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल न्याय पाना है और वे इसे शांतिपूर्ण तरीके से हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।










Discussion about this post