बरेली। बरेली के आंवला में शराब के नशे में धुत युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने पहले अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर उसे छत से उल्टा लटका दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच आरोपी पत्नी को छोड़कर भाग गया। गनीमत रही कि लोगों ने समय रहते महिला को पकड़ लिया। हालांकि, पिटाई से महिला को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता के भाई ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी घर से फरार हो गया है।
बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के निवासी रघुनाथ सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उन्होंने 12 साल पहले अपनी बहन डोली की शादी आंवला के लठैता मोहल्ला निवासी नितिन सिंह के साथ की थी। बताया कि नितिन शराब पीने का आदी है। रोजाना शराब पीकर घर आता है। डोली से मारपीट करता है। मायकेवालों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
रघुनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि 13 मई की रात करीब 10 बजे नितिन सिंह ने डोली को बेरहमी से पीटा। फिर छत से उल्टा लटका दिया। फिर जान से मारने की नियत से उसे छोड़ दिया। गनीमत रही कि मोहल्ले के लोगों ने समय रहते डोली को पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी उनके पास है। पुलिस ने आरोपी पति नितिन कुमार, अमित कुमार व दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घटना के दौरान किसी पड़ोसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी अपनी पत्नी को छत से उल्टा लटकाकर नीचे गिराने की कोशिश कर रही है। महिला चीख रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि अगर समय रहते मदद न की जाती तो महिला की जान जा सकती थी।











Discussion about this post