अमरोहा । पाकबड़ा की रहने वाली एक महिला ने का अमरोहा निवासी युवक से प्रेम प्रसंग हो गया। महिला पहले से ही शादीशुदा थी, लेकिन अपने प्रेमी संग रहने की जिद लेकर पाकबड़ा थाना पहुंच गई, जहां उसने जमकर हंगामा किया। महिला ने अपने पति पर प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र भी सौंपा।
महिला की शादी सात साल पहले अमरोहा जिले के डिडौली क्षेत्र के एक गांव से हुई थी। महिला का एक पांच वर्षीय बेटा भी है। हाल ही में उसका एक अमरोहा निवासी युवक से प्रेम संबंध बन गया, जिससे वह अक्सर फोन पर बातचीत करने लगी थी।
मंगलवार को दोपहर 12 बजे महिला अचानक प्रेमी संग रहने की ज़िद लेकर थाने पहुंच गई। महिला ने कहा – अब मैं पति के साथ नहीं रहना चाहती, मैं अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताना चाहती हूं।
थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए महिला के पति और मायके वालों को थाने बुलाया। दोनों पक्षों ने महिला को समझाने की कोशिश की लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। थाने में तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई।
महिला ने थाने में पति के खिलाफ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत भी दी। उसने पुलिस से मांग की कि उसे उसके प्रेमी के साथ रहने की अनुमति दी जाए। करीब तीन घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद अंततः महिला को उसके मायके वाले समझा-बुझाकर अपने साथ ले गए।
पाकबड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि महिला प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही थी। परिवार वालों के समझाने के बाद वह अपने मायके वालों के साथ चली गई है। मामले की जांच की जा रही है।











Discussion about this post