अलीगढ़ : अलीगढ़ में अपनी ही बेटी की शादी से पहले होने वाले दामाद संग फरार हुई सास सपना देवी और दामाद राहुल की प्रेम कहानी ने पूरे देश में खूब सुर्खियां बटोरी थीं. यह मामला तब और सनसनीखेज हो गया था जब फरार होने के 10 दिन बाद पुलिस ने इन दोनों को पकड़ा लिया था. हालांकि, पुलिस ने इस ‘अनोखी’ जोड़ी को तो छोड़ दिया, लेकिन समाज और परिवार ने इन्हें स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया. कई दिनों तक इनके ठिकाने का कोई पता नहीं था, मगर अब जानकारी मिली है कि राहुल और उसकी ‘नई नवेली दुल्हन’ सपना गुजरात में कहीं रह रहे हैं.
यह मामला मडराक के मनोहरपुर कायस्थ गांव का है. यहां जितेंद्र नामक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी दादों के मछरिया गांव निवासी राहुल से तय की थी. शादी की तारीख 16 अप्रैल तय थी, लेकिन इससे पहले ही जितेंद्र की पत्नी सपना और होने वाले दामाद राहुल के बीच प्रेम संबंध पनप गए. फिर खबर आई कि बेटी की शादी से महज 10 दिन पहले, 6 अप्रैल को सपना अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई.
इस घटना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और करीब 10 दिन बाद दोनों को पकड़ लिया गया. पुलिस के सामने सपना इस बात पर अड़ी रही कि उसका पति जितेंद्र उसे परेशान करता है, इसलिए वह अपने दामाद राहुल के साथ ही रहेगी. उस दौरान यह बात भी सामने आई कि राहुल और सपना ने शादी कर ली है. इसके बाद, पुलिस ने दोनों को जाने दिया.
खबर मिली कि पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद राहुल, सपना को लेकर अपने गांव पहुंचा, लेकिन वहां के लोगों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया. अब नई जानकारी के अनुसार, दोनों ने अलीगढ़ छोड़ दिया है और गुजरात चले गए हैं, क्योंकि राहुल पहले से ही गुजरात में काम करता था. यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी यह ‘नई जिंदगी’ अब कैसी करवट लेती है?











Discussion about this post