चरथावल। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के घिस्सूखेड़ा गांव में बुधवार सुबह धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहरी इलाके में स्थित म्हाड़ी परिसर में लगी गोरखनाथ बाबा की मूर्ति को अराजक तत्वों ने खंडित कर दिया।
घटना की जानकारी सुबह होते ही गांव में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। लोग बड़ी संख्या में म्हाड़ी परिसर में एकत्र हो गए। कुछ देर बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिसर में आरती कर विरोध दर्ज कराया।
थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मूर्ति खंडित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नई मूर्ति जल्द मंगवाकर विधिवत स्थापना कराई जाएगी।
बजरंग दल के जिलाध्यक्ष देशराज चौहान ने कहा कि यह श्रद्धालुओं की भावना से सीधा खिलवाड़ है, प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। समाजसेवी प्रमोद त्यागी ने कहा कि गांव में अन्य वर्ग की आबादी नहीं है और यहां हमेशा शांतिपूर्ण वातावरण रहा है। यह हरकत माहौल बिगाड़ने की कोशिश है।
मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल के उप मंत्री अभिषेक त्यागी, जिला मंत्री संदीप, ब्लॉक अध्यक्ष बालेंद्र, पूर्व प्रधान उमेश त्यागी, प्रधान प्रतिनिधि नितिन त्यागी, डॉ. योगेश त्यागी समेत कई लोग मौजूद रहे।
बता दें कि म्हाड़ी परिसर न केवल धार्मिक केंद्र है बल्कि चौकड़ा, एक, कुटेसरा की ओर जाने वाला प्रमुख रास्ता भी यहां से होकर गुजरता है










Discussion about this post