गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नेशनल हाईवे-नौ पर स्कूटी और बाइक की भिड़ंत को रील प्रेमी मीनू कसाना निवासी खोड़ा ने बाइक सवारों पर चेन लूटने का आरोप लगाकर अलग-अलग दो रील्स बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दीं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रही है। वेव सिटी पुलिस ने हाइवे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो लूट के प्रयास का मामला झूठा निकला।
पुलिस अब रील प्रेमी मीनू कसाना के खिलाफ कार्रवाई करने का दावा कर रही है। एसीपी वेव सिटी उपासना पांडे ने बताया कि रविवार की दोपहर रेनू कसाना डासना जेल में बंद अपने पति सिंहराज से मिलने अपनी छोटी बहन मीनू कसाना के साथ आई थी। लौटते समय एनएच-नौ स्थित वेव सिटी के गेट पर दोनों बहनों की स्कूटी से बाइक सवार टकरा गया। जिसमें रेनू कसाना घायल हो गई।
बाइक सवारों और दोनों बहनों में झड़प भी हुई। जिसके बाद बाइक सवार मौके से चला गया। बताया कि मीनू कसाना ने बाइक सवार पर चेन लूटने का आरोप लगाकर दो अलग-अलग वीडियो बनाए और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिए। एसीपी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर फॉलोवर बढ़ाने के लिए मीनू कसाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो अपलोड करने और लोगों में भय व्याप्त करने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।











Discussion about this post