मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रहे और वर्तमान में नोएडा जीएसटी कार्यालय में अपर आयुक्त के पद पर तैनात आईएएस संदीप भागिया पर महिला अधिकारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नोएडा ज़ोन में तैनात कई महिला अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि संदीप भागिया उनका शोषण, उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला अधिकारियों का आरोप है कि करीब 4 महीने पहले संदीप भागिया की नोएडा जोन में तैनाती हुई थी। तब से वे महिला स्टाफ से गुलामों जैसा व्यवहार करते हैं, अपशब्द कहते हैं, धमकाते हैं—“बर्बाद कर दूंगा”, “नौकरी खा जाऊंगा”, “कटोरा पकड़ा दूंगा”—जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं।
शिकायत पत्र में यह भी लिखा है कि वे महिला अधिकारियों को घंटों अपने ऑफिस में बैठाकर या खड़ा करके घूरते रहते हैं, रात-रात भर वीडियो कॉल करते हैं और गुपचुप वीडियो बनाते हैं। विरोध करने पर फर्जी मामलों में फंसाकर सस्पेंड कराने की धमकी देते हैं। आरोप यह भी है कि वे अनावश्यक दबाव बनाकर, सूचना लीक या काम में लापरवाही के झूठे आरोप लगाते हैं।
महिला अधिकारियों ने कहा कि एक तरफ जहां पीएम मोदी ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के जरिए महिला सशक्तिकरण का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संदीप भागिया जैसे अधिकारी महिलाओं के मनोबल और अस्मिता को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की गोपनीय जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या राज्य महिला आयोग से कराई जाए।
इन गंभीर आरोपों पर IAS संदीप भागिया ने सफाई देते हुए कहा कि वे GST चोरी रोकने और राजस्व बढ़ाने के लिए सख्ती से काम कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक कार्य को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं।










Discussion about this post