सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम को सहारनपुर मंडल के बीजेपी प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को चुनावी और प्रशासनिक दोनों मोर्चों पर पूरी तैयारी के साथ काम करने के साफ निर्देश दिए। सर्किट हाउस ऑडिटोरियम में हुई इस अहम बैठक में, जो लगभग 55 मिनट तक चली, मुख्यमंत्री ने वोटर रिवीजन अभियान (SIR) को लेकर खास सतर्कता बरतने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं को साफ संदेश दिया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी घुसपैठिया या अवैध नागरिक इस अभियान से बचना नहीं चाहिए और सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने एसआईआर अभियान पूरा होने के बाद नए और वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर और शामली के विधायक, क्षेत्रीय पदाधिकारी, और जिला व महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विधायकों और पदाधिकारियों को धरातल पर काम करने का मंत्र देते हुए कहा कि सभी तालमेल बनाकर पूरी मेहनत से काम करें और सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक तत्परता के साथ पहुँचाएँ। उन्होंने कहा कि जनता को भी यह लगना चाहिए कि सरकार और भाजपा दोनों उसकी हितैषी हैं।
बैठक में शामिल मंत्रियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष रूप से फोकस करें और पार्टी संगठन के साथ तालमेल बिठाकर सरकार के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मंडल में पुनरीक्षण अभियान सही तरीके से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने संगठन के कार्यों को समझने के साथ ही मंडल और जिले के आला अफसरों—कमिश्नर डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी आशीष तिवारी—से कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की भी जानकारी ली। विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के बताए कार्यों को बारीकी से समझा और नोट पैड पर अंकित किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, ब्रजेश सिंह, पूर्व राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम, एमएलसी चौधरी वीरेन्द्र सिंह, मोहित बैनीवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, सुधीर सैनी और विधायक राजीव गुंबर, कीरत सिंह, मुकेश चौधरी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।











Discussion about this post