मुज़फ्फरनगर। रविवार को बुढ़ाना रोड पर कसेरवा नहर पुल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब सोरम निवासी सुबोध के खेत में आम के पेड़ से एक शव लटका मिला। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मोहित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैल गई।
थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। शव के हाथ पर राखी बंधी मिली है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना रक्षा बंधन के आसपास की हो सकती है।
सूचना फैलते ही सोरम समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।










Discussion about this post