मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल कस्बे में आज देश सेवा का जज्बा और गौरव साफ दिखाई दिया। भारतीय सेना में अग्निवीर के पद पर चयनित होकर और कठिन प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) सफलतापूर्वक पूरा कर अपने घर लौटे आकाश कश्यप का कस्बे में ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
फूल-मालाओं से लदा रोड शो-
संजय कश्यप के पुत्र आकाश कश्यप जैसे ही वर्दी पहनकर कस्बे में दाखिल हुए, परिजनों और नगरवासियों की आँखें गर्व से भर आईं। उनके सम्मान में एक भव्य रोड शो निकाला गया। देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने आकाश को फूल-मालाओं से लाद दिया और ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी कामयाबी का जश्न मनाया।
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र-
प्रशिक्षण पूरा कर लौटे आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और अपनी कड़ी मेहनत को दिया। इस दौरान उन्होंने कस्बे के युवाओं में जोश भरते हुए कहा:
“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। युवाओं को सरकारी नौकरी और सेना में जाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। अगर आप ईमानदारी से मेहनत करेंगे, तो सफलता एक दिन आपके कदम जरूर चूमेगी।”
इस स्वागत समारोह ने कस्बे के अन्य युवाओं को भी सेना में जाकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया है। कस्बे के गणमान्य लोगों ने आकाश के उज्जवल भविष्य की कामना की।










Discussion about this post