मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर 51 किन्नरों का जत्था बुधवार को जब मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर पहुंचा तो पूरे इलाके में उत्सव का माहौल हो गया। भगवान शिव, माता पार्वती और अर्धनारीश्वर शिवलिंग की मूर्तियों के साथ आई इस टोली ने शिव चौक पर नृत्य और भजन कर श्रद्धा और उत्साह से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
बुलंदशहर निवासी किन्नर प्रिया वशिष्ठ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा की गई बर्बरता से वह आहत हैं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों को सम्मान मिलता है, लेकिन उत्तराखंड में हमारे साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार हुआ।” उन्होंने आगे कहा कि मुजफ्फरनगर में हुए स्वागत से हम भावविभोर हैं।
प्रिया वशिष्ठ ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फेक वीडियो पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि जो लोग इंटरनेट पर झूठे वीडियो बनाकर किन्नर समुदाय की छवि खराब कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों पर भगवान भोलेनाथ ही न्याय करेंगे।”
51 किन्नरों की टोली द्वारा कांवड़ यात्रा करना अपने आप में एक अनूठा धार्मिक उदाहरण बन गया है। टोली ने शिव चौक पर श्रद्धालु जनता के साथ मिलकर भजन-कीर्तन किया और भगवान शिव से देश और समाज में शांति, एकता और समृद्धि की प्रार्थना की।










Discussion about this post