शामली। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी शामली द्वारा गठित टीमों ने मंगलवार को शामली जिले में उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी की। इसका उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर रोक लगाना था।
जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव की अगुवाई में मैसर्स रघुनाथदास ब्रजभूषण लाल, थाना भवन की दुकान से दो और मैसर्स किसान पेस्टीसाइड एंड फर्टिलाइजर्स से एक उर्वरक नमूना लिया गया। वहीं, उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार एवं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अनुज कुमार की टीम ने मैसर्स अनुज खाद विक्रेता, ऊन से एक नमूना लिया।
छापेमारी के दौरान सभी उर्वरक और कीटनाशक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे हर बिक्री पर अनिवार्य रूप से कैश मैमो दें और पीओएस मशीन से ही बिक्री सुनिश्चित करें। साथ ही, स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखना अनिवार्य किया गया है। किसानों को उनकी जोत के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
सभी नमूनों को जल्द ही प्रयोगशाला भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और बिक्री केवल निर्धारित दरों पर की जा रही है।











Discussion about this post