मुज़फ्फरनगर। मीरापुर कस्बे में एक बड़ी दुर्घटना घटी जब एक निजी बस अनियंत्रित होकर कई मोटरसाइकिल सवारों को कुचल गई। इस हादसे में दो युवक शावेज और शाह आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहुमा बस अड्डे के पास खड़ी एक प्राइवेट बस को चालक और कंडक्टर ने पार्किंग के लिए हेल्पर मुकेश को सौंप दिया था। लेकिन बस पार्क करते समय मुकेश वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ने सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हेल्पर मुकेश की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस संबंध में सीओ जानसठ यतेन्द्र नागर ने बताया, “दिनांक 4 अगस्त को थाना मीरापुर के अंतर्गत एक बस और बाइक के बीच एक्सीडेंट हुआ। घायल बाइक सवार और बस हेल्पर को अस्पताल भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, उचित कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, सीसीटीवी में बस के टक्कर मारने की तस्वीरें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।










Discussion about this post