मुजफ्फरनगर। जानसठ थाना क्षेत्र के गांव कवाल निवासी शालू देवी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया।मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर उसे बचा लिया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस पीड़िता को थाने ले गई। जिलाधिकारी ने पीड़िता को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शालू देवी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपने तीन छोटे बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए मजदूरी करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ससुराल वाले उन्हें घर में रहने नहीं दे रहे हैं। शालू ने कहा, “2013 में मेरी शादी हुई थी। मेरे पति की मृत्यु के बाद ससुराल वाले मुझे घर से निकाल रहे हैं।
मेरे पास एक चक्की थी, जिसका कनेक्शन भी उन्होंने कटवा दिया। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, और जब मुझे कहीं से इंसाफ नहीं मिला तो मुझे आत्मदाह जैसा कदम उठाना पड़ा।” उन्होंने मांग की कि उन्हें और उनके बच्चों के लिए मकान की व्यवस्था की जाए।
पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post