वाराणसी। भोजपुरी फिल्मों के मशहूर गायक और अभिनेता पवन सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश 13 अगस्त को जारी हुआ था, जिसकी जानकारी अब मीडिया में सामने आई है।
मामले की पैरवी कर रहे अधिवक्ता राहुल द्विवेदी ने बताया कि जुलाई मध्य में होटल व्यवसायी की ओर से वाद दाखिल किया गया था। इसमें अधिवक्ता आशीष सिंह और दुष्यंत अवस्थी ने सहयोग किया।
होटल व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में महाराष्ट्र निवासी प्रेम शंकर राय और उनकी पत्नी ने खुद को फिल्म निर्माता बताकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में निवेश करने पर बड़ा मुनाफा देने का लालच दिया और इसके बाद वाराणसी में अभिनेता पवन सिंह से मुलाकात कराई।
व्यवसायी का कहना है कि निवेश के नाम पर उनसे धीरे-धीरे लाखों रुपये लिए गए। वाराणसी के एक होटल में फिल्म निर्माण को लेकर समझौता भी हुआ और उन्होंने एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि निवेश की। फिल्म की शूटिंग पूरी होने और रिलीज के बाद भी उन्हें कोई भुगतान नहीं किया गया।
व्यवसायी ने पहले कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद कैंट थाने को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।











Discussion about this post