शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी दौलत में एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या कर दी। घटना के बाद, आरोपी ने तीनों शवों को घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं।
10 दिन से लापता थीं महिला और बेटियां-
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान फारुख पुत्र दाऊद के रूप में हुई है, जो एक होटल में काम करता था। उसकी पत्नी ताहिरा और बेटियां आफरीन (16) व सहरीन (14) पिछले 10 दिनों से लापता थीं। परिजनों के शक के आधार पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में कबूला जुर्म-
जांच के दौरान पुलिस ने फारुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया।
आरोपी ने कबूल किया कि उसने इस घटना को अंजाम देने के लिए कैराना से अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे थे और घर के आंगन में पहले से सेप्टिक टैंक खुदवाया था।
उसने बताया कि 8 दिसंबर की रात उसने पत्नी को मायके से बुलाकर चाय के बहाने जगाया और गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर जागी बड़ी बेटी आफरीन को भी गोली मारी, जबकि छोटी बेटी सहरीन की गला घोंटकर हत्या कर दी।
सेप्टिक टैंक से बरामद हुए तीनों शव-
मंगलवार देर शाम पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खुदाई कराई, जिसमें तीनों शव सेप्टिक टैंक से बरामद हुए। मौके से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि महिला और बच्चियों के लापता होने की सूचना के बाद जांच की गई। पूछताछ में पति द्वारा हत्या स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और यह मामला घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर फिर से सवाल खड़े करता है।











Discussion about this post