मेरठ। कपड़ा व्यापारी इरशाद अहमद से ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर 8.79 लाख रुपये ठग लिए गए। उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका कपड़ा उत्पादन का कारोबार है। ऑनलाइन कपड़ा बेचने के लिए उन्होंने इंडिया मार्ट पोर्टल पर पंजीकरण करा रखा है। इसके माध्यम से अप्रैल 2024 में उनके पास एक अनजान व्यक्ति ने कॉल की और कपड़ा खरीदने के बारे में बातचीत की। 20 अप्रैल 2024 से 13 मई 2024 तक करीब 10 बार ट्रांसपोर्ट के माध्यम से 10.48 लाख कीमत का माल खरीदा।
आरोपी ने अब्दुल हक के नाम से जीएसटी पंजीकरण बताकर फर्जी तरीके से माल बरामद किया। एएच इंटरप्राइजेज के नाम से फर्जी पेमेंट स्लिप बनाकर उनके पास भेजी। अन्य खातों से आंशिक भुगतान कर आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया। आरोपी ने उनके साथ 8.79 लाख रुपये की ठगी कर ली। बाद में पता चला कि आरोपी ताहिर सैफी का असली नाम आसिफ हुसैन है। वह दिल्ली के वेलकम क्षेत्र में रहता है। अपनी पत्नी के साथ मिलकर वह कई अन्य लोगों से भी ठगी कर चुका है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।











Discussion about this post