मेरठ। रविवार को मेरठ के कमिश्नरी चौराहे पर हिंदू स्वाभिमान परिषद के कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी का पुतला जलाने से रोकने पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। जब पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर पुतला छीन लिया तो एक महिला ने दरोगा नीतीश कुमार की टोपी उतारकर हवा में उछाल दी।
महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को चूड़ियां भी दिखाईं। इस घटना का वीडियो क्लिप वायरल हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संगठन के जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।
हिंदू स्वाभिमान परिषद के कार्यकर्ता रविवार दोपहर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन करने और पुतला फूंकने के लिए कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे थे। उन्होंने यहां बनर्जी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदू समाज पर अत्याचार हो रहे हैं। उनके खून से होली खेली जा रही है। वहां की सरकार चुप्पी साधे हुए हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार देख रही है। मजबूर होकर हिंदुओं को अपने घर छोड़कर पलायन करना पड़ रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार को तत्काल बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी का पुतला फूंकने का प्रयास किया।
इस पर चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनकर नष्ट कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस का विरोध करने लगे। इस दौरान एक महिला ने दरोगा की कैप सिर से उतारकर हवा में उछाल दी।
दूसरी महिलाएं पुलिसकर्मियों को चूड़ियां दिखा रही थीं। दरोगा ने अपनी कैप उठाकर पहन ली। कार्यकर्ताओं ने पुलिस खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। घटना का वीडियो वायरल हुआ तो इस पर तरह-तरह की प्रितक्रियाएं सामने आने लगीं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपमान किया है और पुलिस उनके खिलाफ प्रदर्शन करने से भी रोक रही है। आक्रोशित महिलाओं को पुलिस ने समझाकर शांत किया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, धक्कामुक्की, यातायात बाधित करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संगठन के अध्यक्ष अमित भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। – आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी











Discussion about this post