मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस को देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। भोपा रोड पर पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई तीखी मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है।
मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम-
नई मंडी कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम भोपा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक दौड़ते हुए पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवि नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके साथी धर्मेंद्र उर्फ मोनू को पुलिस ने घेराबंदी कर जंगल से दबोच लिया।
बरामदगी और रिकॉर्ड-
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध सामान और नकदी बरामद की है:
नकदी: 62,000 रुपये नगद (चोरी के)।
हथियार: दो अवैध तमंचे और कई जिंदा कारतूस।
वाहन: एक संदिग्ध मोटरसाइकिल और चोरी करने के आधुनिक उपकरण।
शातिर अपराधी हैं दोनों-
पूछताछ में पता चला कि दोनों बदमाश जट मुझेड़ा गांव के रहने वाले हैं। ये शातिर किस्म के अपराधी हैं जो पिछले कई महीनों से शहर की फैक्ट्रियों और बंद मकानों को अपना निशाना बना रहे थे। इनके खिलाफ पहले से ही चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










Discussion about this post