मेरठ। मेरठ मेडिकल कॉलेज के न्यू ऑर्थो वार्ड में भर्ती 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात वार्ड के वाशरूम में हुई, जहां उत्तराखंड के काशीपुर निवासी आरोपी रोहित ने किशोरी के साथ हैवानियत की। किशोरी पैर के ऑपरेशन के लिए शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती हुई थी। मेडिकल थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर रविवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी का पैर टेढ़ा होने के कारण परिजनों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज में दिखाया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी। शुक्रवार को किशोरी को न्यू आर्थो वार्ड में भर्ती किया गया, जहां उसकी मां भी साथ थी। उसी वार्ड में काशीपुर निवासी मोहित, जिसका सड़क हादसे में पैर कटा था, भर्ती था। मोहित की देखभाल के लिए उसका भाई रोहित अस्पताल में मौजूद था।
आरोप है कि शनिवार रात किशोरी जब वाशरूम गई, तो रोहित ने उसका पीछा किया और दुष्कर्म किया। उसने शोर मचाने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी। रविवार शाम को किशोरी ने डरते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत मेडिकल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।











Discussion about this post