मुजफ्फरनगर। छपार थाना पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बसों से बैग चुराने वाले दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का कीमती सामान, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को छपार क्षेत्र स्थित टोर्ची होटल पर एक बस यात्री का बैग चोरी हो गया था, जिसमें लैपटॉप, कैमरा और अन्य महंगे उपकरण थे। इस संबंध में दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। मंगलवार रात छपार-रोहाना मार्ग पर बिजोपुरा रजवाहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी एक बिना नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे।
रुकने का इशारा करने पर वे भागने लगे और खड़ंजे पर फिसलकर बाइक गिर गई। बदमाश भागते हुए खेतों में घुस गए और खुद को घिरा देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। दूसरा साथी कॉम्बिंग ऑपरेशन में पकड़ा गया।
घायल की पहचान कमल कुमार रेल्हन (निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद) और उसके साथी की पहचान सुमित (निवासी बेगमपुर, नई दिल्ली) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि टोर्ची होटल से उन्होंने ही बैग चोरी किया था। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान बेचकर मौज-मस्ती करते थे और मंडी (हिमाचल) से भी बैग चुराया था।
पुलिस ने उनके पास से तीन कैमरे, चार लेंस, तीन लैपटॉप, एक आईपैड, पासपोर्ट, डाटा केबल, चार्जर, कीबोर्ड, एक तमंचा, कारतूस और दिल्ली से दो साल पहले चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों बदमाशों के खिलाफ दिल्ली और हापुड़ में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post