मुज़फ्फरनगर। वक्फ संशोधन बिल के लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद प्रदेश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनज़र मुज़फ्फरनगर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। शहर के संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने पैदल मार्च कर आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
सहारनपुर मंडल के कमिश्नर अटल कुमार राय और मंडल डीआईजी अजय कुमार साहनी स्वयं मुज़फ्फरनगर पहुंचे और पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया।
कमिश्नर अटल कुमार राय ने लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “शांति और सौहार्द सबसे बड़ी चीज है। हर किसी को अपने-अपने धर्म के अनुसार उपासना करने का अधिकार है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।”
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि वक्फ संशोधन बिल के बाद यह पहला शुक्रवार था, जिसको लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। “हम देवबंद से होते हुए मुज़फ्फरनगर पहुंचे हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। धर्मगुरुओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अधिकांश मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो चुकी है, कुछ स्थानों पर अभी नमाज चल रही है,” उन्होंने कहा।
डीआईजी ने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










Discussion about this post