मुजफ्फरनगर। सहकारी समिति लिमिटेड भोपा में सोमवार को चल रही डायरेक्टरों की बैठक उस समय विवाद में बदल गई जब मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आपस में भिड़ गए। कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भोपा की सहकारी समिति में डायरेक्टरों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान निरगाजनी निवासी महिला डायरेक्टर ममता का बेटा सिद्धार्थ और धीरहेड़ी निवासी आशीष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन युवक आपस में भिड़ गए। गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई, जिससे बैठक में अफरा-तफरी मच गई।
बैठक में मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post